deo-gopalganj@nic.in +91-XXXXXXXXXX
Accessibility
11 मार्च को छह केंद्रों पर होगी एनएमएमएस परीक्षा, करीब 4600 विद्यार्थी होंगे शामिल News 14 Apr 2026 | 4 views

11 मार्च को छह केंद्रों पर होगी एनएमएमएस परीक्षा, करीब 4600 विद्यार्थी होंगे शामिल

गोपालगंज। जिले में राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना (NMMS) परीक्षा का आयोजन 11 मार्च को किया जाएगा। इस परीक्षा में जिले के लगभग 4600 विद्यार्थी भाग लेंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से कराने के लिए प्रशासन ने छह परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं।

जिला शिक्षा विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार एनएमएमएस परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक चलेगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस परीक्षा के लिए जिले में जिन विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है उनमें डीपीवी हाईस्कूल गोपालगंज, एसएसआर बालिका उच्च विद्यालय गोपालगंज, एमएम उर्दू हाई स्कूल तुरकहा, मुखीराम हाई स्कूल थावे, इब्राहिम मेमोरियल उच्च माध्यमिक विद्यालय सासामुसा तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय बसडिला शामिल हैं।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि एनएमएमएस परीक्षा का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है। इस योजना के तहत चयनित छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे वे अपनी शिक्षा जारी रख सकें।


परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। शिक्षा विभाग ने सभी परीक्षार्थियों से समय पर केंद्र पर पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।